रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
डायमंड हार्बर : मगराहाट में पारिवारिक कलह ने एक भयानक रूप ले लिया, जब एक कलियुगी बेटे ने अपनी ही मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना मगराहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोकर्णी गांव में हुई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय अकिला गाजी के रूप में हुई है। घटना के अनुसार, आरोपित बेटा अताउल्लाह गाजी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां पर हमला कर दिया। यह क्रूर कृत्य उस समय अंजाम दिया गया, जब परिवार के अन्य सदस्य दोपहर की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर में अकेली पड़ी अकिला गाजी पर अताउल्लाह ने धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद वह खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ीं। कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्य नमाज से लौटे, तो उन्होंने यह भयावह नजारा देखा। वे तुरंत अकिला को उद्धार कर निकटवर्ती मगराहाट ग्रामीण अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अकिला के शरीर पर कई गहरे घाव थे, जो अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत का कारण बने। इस घटना की सूचना मिलते ही मगराहाट थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सबूत जुटाए और जांच शुरू कर दी। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि अताउल्लाह गाजी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। परिवार में अक्सर छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे, लेकिन किसी ने इतनी बड़ी त्रासदी की आशंका नहीं की थी। कुछ लोगों ने बताया कि अताउल्लाह का व्यवहार कभी-कभी आक्रामक हो जाता था, जिसके कारण परिवार सतर्क रहता था। हत्या के बाद आरोपित अताउल्लाह गाजी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।