कोलकाता : राज्य के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता के कार्यकाल को केंद्र सरकार ने छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धनाथ गुप्ता आगामी 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब वे अगले छह महीनों तक इस पद पर बने रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर निर्देश जारी कर दिये हैं। विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद निर्वाचन आयोग ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य पुलिस प्रशासन में बड़े फेरबदल किये थे। इसी प्रक्रिया के तहत तत्कालीन डीजीपी पीयूष पांडे को हटाकर सिद्धनाथ गुप्ता को नया डीजीपी नियुक्त किया गया था। आयोग ने उस दौरान कोलकाता पुलिस कमिश्नर, एडीजी (कानून-व्यवस्था) और डीजी (जेल) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किये थे।
जनहित में लिया गया फैसला
केंद्रीय कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) के सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर बताया कि गृह मंत्रालय ने कार्यकाल विस्तार का प्रस्ताव दिया था, जिसे समिति ने मंजूरी दे दी है। यह निर्णय 'ऑल इंडिया सर्विस (डेथ कम रिटायरमेंट बेनिफिट्स) एक्ट, 1958' के तहत जनहित में लिया गया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को राज्य के मुख्य सचिव दुष्यंत नारीवाला को पत्र भेजकर इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी।