शमीक भट्टाचार्य  शमीक भट्टाचार्य
कोलकाता सिटी

‘विकसित बंगाल संकल्प पत्र’ अभियान शुरू, जनता तय करेगी भाजपा का घोषणापत्र : शमीक

भाजपा ने बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए ‘संकल्प पत्र' तैयार करने को जनता से मांगा सुझाव

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के तहत भाजपा ने शनिवार को ‘विकसित बंगाल संकल्प पत्र’ अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी। इस अभियान का उद्देश्य पार्टी का चुनावी घोषणापत्र आम लोगों की राय और सुझावों के आधार पर तैयार करना है, ताकि राज्य के हर वर्ग की आवाज उसमें शामिल हो सके। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भाजपा बंद कमरों में घोषणापत्र बनाने की परंपरा को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अब घोषणापत्र पार्टी के कुछ चुनिंदा लोग नहीं बल्कि बंगाल की जनता तय करेगी। हमारा संकल्प पत्र हर गली, हर गांव और हर तबके तक पहुंचेगा। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा का मकसद पश्चिम बंगाल में एक ऐसी सरकार बनाना है, जो वास्तव में राज्य का प्रतिनिधित्व करे। उन्होंने बताया कि यह अभियान 18 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान राज्य के 43 संगठनात्मक जिलों में लगभग 1,000 ड्रॉप बॉक्स लगाए जाएंगे, जिनमें लोग अपने सुझाव डाल सकेंगे। इसके अलावा सुझाव जुटाने के लिए मोबाइल वैन चलाई जाएंगी। भाजपा ने इसके लिए एक टोल-फ्री नंबर 9727294294 भी जारी किया है। लोग ईमेल, वॉट्सऐप और क्यूआर कोड के माध्यम से भी अपने विचार भेज सकेंगे। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी अपने ‘संकल्प पत्र’ के लिए विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 10,000 प्रतिष्ठित हस्तियों के सुझाव हासिल करने के वास्ते उन्हें पत्र भी भेज रही है। तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पिछले 15 वर्षों से केंद्र सरकार से टकराव की नीति अपनाई, जिससे बंगाल के लोग आयुष्मान भारत, ई-श्रम और विश्वकर्मा योजना जैसी केंद्रीय योजनाओं से वंचित रह गए। शमीक ने कहा कि 2 करोड़ 38 लाख मतदाताओं ने भाजपा को वोट दिया है, जो यह दिखाता है कि बंगाल में बदलाव लाने की क्षमता केवल भाजपा में है। उन्होंने जनता से खुले दिल से अपील की कि वे अपने सुझाव देकर एक सशक्त और विकसित बंगाल के निर्माण में भागीदार बनें।

SCROLL FOR NEXT