रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सुभाषग्राम मित्र परिषद के तत्वावधान में देश के स्वाधीनता संग्राम में 'महात्मा गांधी' के 'सर्वश्रेष्ठ देशप्रेमी' एवं कवि गुरु रवींद्रनाथ के 'देश नायक' नेताजी सुभाष चंद्र बसु के जन्म दिवस को देश प्रेम दिवस के रूप में घोषित करने तथा 23 जनवरी को राष्ट्रीय सरकारी अवकाश की मांग पर सुभाषग्राम मित्र परिषद के तत्वावधान में सभा एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता सुभाषग्राम मित्र परिषद के संस्थापक व मुख्य संरक्षक रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि सन् 2012 से सुभाषग्राम मित्र परिषद नेताजी के जन्म दिवस को देश प्रेम दिवस एवं उनके जन्मदिवस पर राष्ट्रीय सरकारी छुट्टी की मांग पर लगातार आंदोलन करती आ रही है एवं जब तक ये मांगे पूरी नहीं होंगी तब तक मित्र परिषद का आंदोलन तीव्र से तीव्रतर होता रहेगा। सभा के मुख्य अतिथि अर्जुन पुरस्कार से नवाजी गई महिला फ़ुटबॉलर शांति मल्लिक ने कहा कि आजाद हिंद फौज से शिक्षा लेकर धर्म-जाति व भाषा आदि से ऊपर उठकर सांप्रदायिक सद्भाव की जड़ों को और भी सुदृढ़ करना समय की मांग है। विशिष्ट अतिथि सव्यसाची भट्टाचार्जी ने कहा कि देशहित में नेताजी का अनुसरण करना हम देश वासियों का परम कर्तव्य हैं। सभा में मित्र परिषद के अध्यक्ष विश्वकर्मा सिंह, महासचिव अनिल कुमार मिश्रा, महिला सदस्या सीमा कुमारी गुप्ता , स्थानीय वकील निशांत प्रसाद, उपसचिव सुमित कुमार सिंह तथा अन्य वक्ताओं ने अपने-अपने विचार प्रकट किये। सभा के बाद सुसज्जित पदयात्रा मामूनी रेलगेट से राष्ट्रीय नायक नेताजी सुभाष चंद्र बसु जिंदाबाद, नेताजी अमर रहें के नारे लगाते हुए नेताजी की पैतृक भूमि कोदालिया बोसपाड़ा पहुंची जहां राजपुर-सोनारपुर नगरपालिका के चेयरमैन डॉ.पल्लव कुमार दास ने पदयात्रा का अभिनंदन किया। इस मौके पर डॉ.पल्लव कुमार दास के नेतृत्व में आयोजित शंख ध्वनि तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में मित्र परिषद ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभा में करीब 500 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया।