कोलकाता : दुर्गापूजा से पहले आम लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने और त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता समेत छह जिलों में सड़क मरम्मत कार्य 10 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है।
राज्य सरकार ने संबंधित विभागों को मानसून के कमजोर पड़ते ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने और तय समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD), शहरी विकास विभाग, पंचायत विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी।
बैठक में निर्देश दिया गया कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और नदिया जिलों की सभी प्रमुख एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान कर युद्धस्तर पर मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए, ताकि दुर्गापूजा से पहले सड़कें पूरी तरह दुरुस्त हो सकें।
अधिकारियों की माने तो विभिन्न विभागों ने खराब सड़कों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। कई स्थानों की तस्वीरें और तकनीकी विवरण एक साझा पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं, जिससे संबंधित विभाग तेजी से मरम्मत कार्य शुरू कर सकें। प्राथमिकता उन मार्गों को दी जा रही है जहां गड्ढों, जलभराव और सड़क की ऊपरी परत के क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
कोलकाता ट्रैफिक पुलिस भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों की प्रमुख सड़कों का सर्वे कर उन स्थानों की सूची तैयार की है, जहां तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है।
इस सूची को संबंधित विभागों के साथ साझा किया जा रहा है ताकि त्योहारों के दौरान जाम और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
सरकार का मानना है कि दुर्गापूजा के दौरान लाखों लोग पंडालों में दर्शन के लिए निकलते हैं और इस अवधि में वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में यदि सड़कें समय पर दुरुस्त नहीं हुईं तो यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
इसी कारण सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बारिश की स्थिति सामान्य होते ही मरम्मत कार्य में और तेजी लाई जाएगी तथा 10 अक्टूबर की समयसीमा को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि दुर्गापूजा से पहले कोलकाता और आसपास के जिलों की सड़कें आवागमन के लिए सुरक्षित और सुगम बन सकें।