फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

बांसद्रोणी में फ्लैट से मां-बेटे का सड़ा-गला शव बरामद

फ्लैट के अंदर से नींद की दवा की स्ट्रीप मिली

कोलकाता : बांसद्रोणी थाना अंतर्गत नॉर्दर्न पार्क इलाके में एक फ्लैट के अंदर मां-बेटे के सड़े-गले शव मिले हैं। मृतकों की पहचान शिला दासगुप्ता (69) और उनके बेटे सुतिर्थ दासगुप्ता (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से नींद की दवा की कई खाली स्ट्रीप बरामद की हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर लगभग 2:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नॉर्दर्न पार्क स्थित एक फ्लैट के दरवाजे से तेज दुर्गंध आ रही है और अंदर से किसी का कोई जवाब नहीं मिल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के अंदर मां और बेटे के शव उनके बेडरूम में पड़े मिले, जो काफी सड़े-गले थे।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक परिवार मूलतः पुरी, ओडिशा से था। शिला दासगुप्ता के पति, जो एक कॉलेज में प्रोफेसर थे, पहले ही गुजर चुके थे। करीब एक साल पांच महीने पहले यह परिवार पुरी के सरदा देवी रोड पर स्थित अपना मकान बेचकर कोलकाता के नॉर्दर्न पार्क इलाके के इस फ्लैट में रहने आया था।

सूत्रों के मुताबिक, सुतिर्थ दासगुप्ता को मानसिक समस्याएं और उच्च रक्तचाप की शिकायत थी, जबकि उनकी मां शिला दासगुप्ता ने भुवनेश्वर में ब्रेन सर्जरी करवाई थी। पुलिस को मौके पर अलप्रोक्स नाम की दवा की कई खाली पट्टियां भी मिली हैं, जो संभवत: मानसिक या अन्य स्वास्थ्य संबंधी उपचार के लिए थीं।

दोनों मृतक कुछ दिनों से अपने परिचितों और पड़ोसियों के सामने नहीं आए थे, जिससे उनकी मौत के समय और कारण को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के असली कारणों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अब शवों की पहचान, स्वास्थ्य रिकॉर्ड और संभावित कारणों की गहराई से जांच कर रही है ताकि स्पष्ट हो सके कि यह मौत आत्महत्या थी या किसी अन्य कारण से हुई।

SCROLL FOR NEXT