डीएम अभिषेक कुमार तिवारी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, साथ में हैं कई आला अधिकारी 
कोलकाता सिटी

दक्षिण 24 परगना में जनगणना के लिए 17,222 जनगणना कर्मी और 2,939 पर्यवेक्षक नियुक्त : डीएम

दक्षिण 24 परगना : जिले में जनगणना-2027 के पहले चरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी (डीएम) अभिषेक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसके बाद 16 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक गृह सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा, जिसके साथ जनगणना के प्रथम चरण का समापन होगा। डीएम ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य के लिए 37 चार्ज कार्यालय स्थापित किए गए हैं। इनमें 29 विकास खंड (ब्लॉक), सात नगरपालिकाएं तथा एक औद्योगिक टाउनशिप शामिल हैं। इसके अलावा जनगणना कार्य के लिए 14,399 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मैदानी कार्यों के लिए 17,222 प्रगणकों तथा 2,939 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला मास्टर प्रशिक्षकों एवं जिला जनगणना कार्यालय द्वारा 276 फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। इन प्रशिक्षकों ने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 जुलाई 2026 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। डीएम ने कहा कि स्व-गणना अवधि के दौरान लोगों की सुविधा और जन-जागरूकता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले भर में स्व-गणना प्रदर्शन केंद्र, सहायता डेस्क, सुविधा शिविर, जागरूकता रथ, सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता कार्यक्रम तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), साइबर कैफे, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्थानीय निकायों के सहयोग से नागरिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से 1 से 15 अगस्त 2026 के बीच स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना की सफलता, सटीकता और समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। प्रेस वार्ता के दौरान एडीएम जनरल अवनीत पुनिया भी उपस्थित रहे।

SCROLL FOR NEXT