चक्रवात ‘अकवान’ का बदला रुख  
कोलकाता सिटी

चक्रवात ‘अकवान’ का रुख बदला, पुरी के पास हो सकता है लैंडफॉल

20 नवंबर को ओडिशा तट से टकराने की आशंका, 100 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं; बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में तेजी से शक्तिशाली हो रहा चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ अब आंध्र प्रदेश के बजाय ओडिशा के पुरी तट की ओर बढ़ रहा है। अलीपुर मौसम विभाग ने बुधवार दोपहर जारी ताजा बुलेटिन में तूफान के संभावित लैंडफॉल स्थल में बदलाव की जानकारी दी।

इससे पहले इसके आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच टकराने की आशंका जताई गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण एवं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह चक्रवात पिछले छह घंटों में सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।

वर्तमान में यह चेन्नई से 570, विशाखापत्तनम से 580, मछलीपट्टनम से 590, गोपालपुर से 710 और पुरी से लगभग 770 किलोमीटर दूर है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर शुक्रवार दोपहर यह उत्तरी आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा तट के बीच नरसापुर से पुरी के आसपास के क्षेत्र में समुद्र तट से टकरा सकता है।

इस दौरान हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर तक पहुंचने की आशंका है। इसके बाद तूफान कमजोर पड़कर शनिवार तक निम्न दबाव में बदल सकता है।

बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात के प्रभाव से गुरुवार को उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में भारी बारिश की संभावना है। कोलकाता में भी हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात हो सकता है। शुक्रवार को दोनों मेदिनीपुर जिलों में भारी से अति भारी वर्षा तथा दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान है।

शनिवार को पुरुलिया के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है। समुद्र में उथल-पुथल को देखते हुए 20 नवंबर तक मछुआरों को उत्तर-पश्चिम एवं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में जाने से मना किया गया है। पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में गुरुवार और शुक्रवार को मछुआरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बंगाल में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

SCROLL FOR NEXT