सन्मार्ग संंवाददाता
कोलकाता : कन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस (CWBTA) की ओर से शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को कोलकाता स्थित द ट्यूलिप, पी. सी. चंद्रा में भव्य 'बिजोया एवं दीपावली मिलन समारोह' का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया।
इस विशेष समारोह में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार अग्रवाल, मंत्री श्री तापस राय, कार्तिक महाराज जी, संतोष पाठक, स्वामी विजय अमृतानंद पुरी जी, भूटान कॉन्सुलेट के प्रतिनिधि, सन्मार्ग के प्रमुख संपादक विवेक गुप्त तथा प्रेसिडेंट रूचिका गुप्त सहित अनेक विशिष्ट गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से CWBTA के सदस्य बड़ी संख्या में समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारिक समुदाय के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे, सहयोग और एकजुटता को मजबूत करना तथा बिजोया की शुभकामनाओं एवं दीपावली की खुशियों को साझा करना था।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी सूफी बैंड कुरबतसूफी (Qurbatsufi Punjabi Band) की शानदार लाइव प्रस्तुति रही। राहुल छछिया के नेतृत्व में बैंड के कलाकारों ने सूफी संगीत से लेकर बॉलीवुड और विभिन्न शैलियों के लोकप्रिय गीतों तक की शानदार प्रस्तुतियां दीं। हर तरह के संगीत और गीतों से सजी इस संगीतमय शाम ने उपस्थित अतिथियों और सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम में संगीत और मनोरंजन का खास रंग देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को बिजोया एवं दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रात्रिभोज के साथ यह शाम आपसी मेल-मिलाप और यादगार पलों से भरपूर रही।
इस आयोजन में CWBTA के अध्यक्ष श्री सुशील पोद्दार, उपाध्यक्ष श्री प्रदीप लुहारिवाला एवं श्री सी. के. वरदराजन, मानद सचिव श्री जे. एल. बड़िया, श्री बिनोद संचेती तथा संयोजक श्री प्रदीप खेतान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन CWBTA की CEO सुश्री करिश्मा खन्ना ने किया। अपने प्रभावशाली एवं सहज मंच संचालन से उन्होंने पूरे समारोह को गरिमामय और आकर्षक बनाया तथा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।
यह आयोजन केवल एक त्योहार मिलन समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पश्चिम बंगाल के व्यापारिक समुदाय की एकजुटता, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बना। कार्यक्रम ने विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं उनके प्रतिनिधियों को एक मंच पर एकत्रित होने और अपने संबंधों को और मजबूत बनाने का अवसर प्रदान किया।
कन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस (CWBTA) पश्चिम बंगाल के व्यापारिक संगठनों का एक शीर्ष संगठन है, जो राज्य के व्यापारिक समुदाय के हितों, एकता और विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।