कोलकाता सिटी

17 दिसंबर को होगा ‘व्यवसायी सम्मेलन 2025’

12,000 से अधिक व्यापारी होंगे एकत्र, बंगाल की विकास दृष्टि को मिलेगी नई गति

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस का महासंघ (CWBTA) आगामी 17 दिसंबर को नेताजी इंडोर स्टेडियम, कोलकाता में भव्य व्यवसायी सम्मेलन 2025 का आयोजन करेगा। राज्य के सभी 23 जिलों से 12,000 से अधिक व्यापारी इस सम्मेलन में शामिल होंगे, जो बंगाल के व्यापार जगत की अब तक की सबसे बड़ी सभाओं में से एक माना जा रहा है।

कनफेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेडर्स एसो​सिएशन (सीडब्ल्यूबीटीए) के अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने कहा कि कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जो राज्य में व्यापार एवं व्यवसाय को सशक्त बनाने की सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

60–65 लाख व्यापारियों का योगदान—एक करोड़ से अधिक लोगों की आजीविका से जुड़ा तंत्र

पश्चिम बंगाल में लगभग 60–65 लाख व्यापारी सक्रिय हैं, जो संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों में एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं। ये व्यापारी राज्य की सप्लाई चेन की रीढ़ हैं—

  • वस्तुओं के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करते हैं

  • MSMEs और छोटे उद्यमों को समर्थन देते हैं

  • भारी राजस्व उत्पन्न करते हैं

  • पड़ोसी राज्यों और बांग्लादेश, नेपाल तथा भूटान के साथ वाणिज्यिक व्यापार को भी गति देते हैं

इस कारण बंगाल पूर्वी भारत का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक द्वार (Commercial Gateway) बन चुका है।

सम्मेलन का उद्देश्य—आसान व्यापार, आधुनिक ढांचा और विकास का स्पष्ट रोडमैप

व्यवसायी सम्मेलन 2025 का मुख्य लक्ष्य एक समृद्ध, प्रगतिशील और अग्रदृष्टि वाले व्यापारिक भविष्य को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में निम्न विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा—

  • व्यापार के अनुकूल वातावरण और Ease of Doing Business को मजबूत करना

  • व्यापारिक बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण

  • व्यापारियों के व्यावहारिक समस्याओं का समाधान

  • सरकार और व्यापार समुदाय के बीच सहयोग को और सुदृढ़ करना

सम्मेलन के माध्यम से पश्चिम बंगाल में व्यापारी-उन्मुख और विकास केंद्रित अर्थव्यवस्था के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जाएगा।

23 जिलों से प्रतिनिधिमंडल—व्यापारिक एकता और शक्ति का प्रदर्शन

राज्य के सभी 23 जिलों—महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्रों, सीमा क्षेत्रों और ग्रामीण बाज़ारों सहित—से व्यापारी प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग लेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट व्यक्तियों का संबोधन और CWBTA की व्यापार-आधारित विकास दृष्टि (Vision Document) का औपचारिक प्रस्तुतीकरण भी शामिल होगा।

CWBTA—10 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधि शीर्ष संगठन

वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस का महासंघ (CWBTA) राज्यभर में फैले 100 से अधिक व्यापार संगठनों और 10 लाख से ज्यादा व्यापारियों का शीर्ष संगठन है। पिछले डेढ़ दशक से यह संस्था—

  • नीतिगत सुधार,

  • व्यापारियों के कल्याण,

  • व्यापार अवरोधों को दूर करने,

  • राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए लगातार कार्य कर रही है।

SCROLL FOR NEXT