अभियुक्तों के पास से 9 मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, डेबिट कार्ड और 26,500 रुपये बरामद
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग और जुए का कारोबार चलाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पूर्व जादवपुर थाना क्षेत्र के दिनेशनगर स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार सिंदुरिया (27), ओमप्रकाश साव (24), विकास कुमार वर्मा (32) और धीरज कुमार ठाकुर (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सौरभ और ओमप्रकाश झरिया के रहने वाले हैं, जबकि विकास खास झरिया और धीरज जोड़ापोखर के जमाडा इलाके का निवासी है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क के मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 7 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि दिनेशनगर स्थित फ्लैट नंबर 59 में अवैध ऑनलाइन जुए और क्रिकेट सट्टेबाजी का कारोबार चल रहा है। आरोप था कि इस नेटवर्क के जरिए आम लोगों से बड़ी रकम की ठगी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद ईस्ट जादवपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर दीपक मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फ्लैट पर छापेमारी कर मौके से चार युवकों को कथित तौर पर सट्टेबाजी की गतिविधियों में शामिल पाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी में कई सामान बरामद
पुलिस ने मौके से 9 महंगे मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप, अलग-अलग बैंकों के चार डेबिट कार्ड और 26,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इन उपकरणों का इस्तेमाल कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग और जुए के कारोबार में किया जा रहा था।
पवन साव और रोहित पर गिरोह चलाने का आरोप
पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने माना कि इस जुए के धंधे में और भी कई लोग शामिल हैं। यह गैंग पवन साव और रोहित नाम के दो लोगों और उनके साथियों की देखरेख में लंबे समय से चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए धनबाद के इन युवकों ने कोलकाता शहर को सुरक्षित ठिकाना चुना। फिलहाल पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।