सीपी चंदननगर सुनील यादव 
कोलकाता सिटी

चंदननगर के सीपी सुनील कुमार यादव को मुख्यमंत्री पुलिस पदक

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने किया सम्मानित

कोलकाता : चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर एवं 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार यादव को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सराहनीय एवं उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें पदक प्रदान किया। वह मूलत:उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के अष्टभुजा नगर के निवासी हैं।

कोलकाता में हाईटेक ट्रैफिक पुलिसिंग को दी नई दिशा

सुनील कुमार यादव ने वर्ष 2022-23 में कोलकाता में DCP ट्रैफिक के रूप में कार्य करते हुए महानगर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल के दौरान कई तकनीकी पहल शुरू की गईं।

गूगल ग्रीनलाइट प्रोजेक्ट के माध्यम से एआई आधारित डेटा का इस्तेमाल कर ट्रैफिक सिग्नलों को बेहतर तरीके से संचालित करने की दिशा में काम किया गया, जिससे प्रमुख चौराहों पर वाहनों के प्रतीक्षा समय को कम करने का प्रयास हुआ। वहीं, बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग जैसे यातायात उल्लंघनों पर अंकुश लगाने के लिए ऑटोमेटिक सीसीटीवी चालान सिस्टम को बढ़ावा दिया गया। पारंपरिक ट्रैफिक लाइट व्यवस्था को आधुनिक ऑटोमेटेड सिग्नल सिस्टम से जोड़ने की दिशा में भी पहल की गई।

कानून-व्यवस्था और संकट प्रबंधन में भी रहा उल्लेखनीय योगदान

आईपीएस सुनील कुमार यादव का पुलिस सेवा में कानून-व्यवस्था और संकट प्रबंधन का लंबा अनुभव रहा है। वर्ष 2017 में गोरखालैंड आंदोलन के दौरान दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने धैर्य और सूझबूझ के साथ पुलिसिंग की जिम्मेदारी निभाई।

इसके अलावा वर्ष 2012 से 2014 के दौरान आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और संगठित कोयला माफिया के खिलाफ कार्रवाई में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कूचबिहार, अलीपुरद्वार और पूर्व मेदिनीपुर में जन-केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी।

तकनीकी सोच और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचान

वर्तमान में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभाल रहे सुनील कुमार यादव को तकनीक आधारित पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नेतृत्व क्षमता के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उनके कर्तव्यनिष्ठा, तकनीकी दृष्टिकोण और साहस की सराहना करते हुए इस सम्मान को पुलिस विभाग के युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

मुख्यमंत्री पुलिस पदक से सम्मानित होने के बाद प्रतापगढ़ से लेकर पश्चिम बंगाल तक उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और परिचितों में खुशी का माहौल है।

SCROLL FOR NEXT