फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

बेकाबू ट्रक ने बाइक को रौंदा, दंपति गंभीर रूप से घायल

नागेरबाजार फ्लाईओवर की घटना

विधाननगर : नागेरबाजार फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पति की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। घटना उस वक्त हुई जब दंपति अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे।

स्कूल से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8.10 बजे पति-पत्नी अपने बेटे को स्कूल छोड़कर लेकटाउन की ओर से एयरपोर्ट की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नागेरबाजार फ्लाईओवर के क्रॉसिंग के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई।

ट्रक का एक्सल टूटना बना हादसे का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, फ्लाईओवर पर दौड़ रहे ट्रक का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे बाइक से जा टकराया। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ट्रक के नीचे से निकाला और तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल पति की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और वे आईसीयू में उपचाराधीन हैं। घटना की सूचना मिलते ही नागेरबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या ट्रक की फिटनेस में कोई कमी थी या ओवरलोडिंग की वजह से एक्सल टूटा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


SCROLL FOR NEXT