फूलबागान थाने में शिकायत दर्ज
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वाहन ड्राइवरों के नाम पर भेजे गए फर्जी मैसेज और लिंक के जरिए साइबर अपराधियों ने नारकेलडांगा मेन रोड निवासी एक दंपति से 1.18 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल में ‘mVahan’ नाम का फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बनाई और बाद में पति-पत्नी के अलग-अलग बैंक खातों से रकम ट्रांसफर कर ली। मामले में फूलबागान थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला
शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त को दीपक खेतावत के मोबाइल पर 5,000 रुपये के वाहन चालान के लंबित होने का मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल में ‘mVahan’ नाम का एक ऐप इंस्टॉल हो गया। ऐप में व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी मांगे जाने पर दीपक को संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत ऐप डिलीट कर दिया। हालांकि, तब तक साइबर अपराधी मोबाइल में सेंध लगाने में कामयाब हो चुके थे। अगले दिन 28 अगस्त की तड़के करीब 2:30 बजे दीपक के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 17,988 रुपये बिना उनकी अनुमति के ट्रांसफर कर दिए गए। इसके बाद 31 अगस्त को तड़के करीब 3 बजे उनकी पत्नी ज्योति खेतावत के एक्सिस बैंक खाते से 1,00,669.38 रुपये निकाल लिए गए। खातों में संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद दंपति ने तत्काल एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया और आगे की ठगी रोकने के लिए अपने बैंक खातों को ब्लॉक कराया। इसके बाद फूलबागान थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की गई। पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की सहायता से आरोपियों की पहचान और ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए जांच शुरू कर दी है।