गिरफ्तार अभियुक्तों की तस्वीर
पार्क स्ट्रीट इलाके से पकड़े गए अभियुक्त
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
महानगर में चुराए गए मोबाइल फोन की बांग्लादेश में तस्करी करने वाले एक गिरोह का कोलकाता पुलिस के वॉच सेक्शन ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक बांग्लादेशी नागरिक समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम इमरान अहमद (23) और आसिफ अली उर्फ छोटू (32) हैं। इनमें से इमरान बांग्लादेश के शरीयतपुर जिले का रहने वाला है और आसिफ उत्तर 24 परगना के कमरहट्टी इलाके का निवासी है। अभियुक्तों के पास से 56 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस के वॉच सेक्शन के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि पार्क स्ट्रीट इलाके में कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी। गुरुवार की रात वॉच सेक्शन के अधिकारियों ने किड स्ट्रीट में एक होटल के निकट भारी संख्या में मोबाइल फोन के साथ दो लोगों को पकड़ लिया।दोनों युवक अपने पास मौजूद मोबाइल फोन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस ने पाया कि गिरफ्तार युवकों में इमरान तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर अगस्त महीने में कोलकाता आया था। वह इससे पहले भी कई बार कोलकाता आ चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह कोलकाता से चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर बांग्लादेश में सप्लाई करता था। इसके एवज में उसकी मोटी कमाई होती थी। फिलहाल पुलिस इमरान और आसिफ से पूछताछ कर उनके गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगा रही है। इसके अलावा, जब्त किए गए मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर के जरिए उनके असली मालिकों का पता लगाया जा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि बीते 5 वर्षों में पुलिस ने चोरी के मोबाइल के साथ 9 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।