फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

चोरबागान हादसा : 2-3 मिनट तक जारी रहा भगदड़ का तांडव

Deepak Mishra

एग्जिट गेट के 2 सीसीटीवी बंद, जांच में जुटी पुलिस

30 कैमरों में से 17 सिर्फ दिखावे के लिए लगे थे,

फुटेज की कमी से फॉरेंसिक जांच में आ रही परेशानी

कोलकाता :

चोरबागान पूजा मंडप में मची भगदड़ और लोगों के कुचलने की घटना को लेकर जांच में कई अहम बातें सामने आ रही हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे का तांडव करीब 2 से 3 मिनट तक जारी रहा। इस दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस एक साथ 4 से 5 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का मिलान कर फॉरेंसिक विश्लेषण कर रही है। जांच में सबसे बड़ी परेशानी मंडप के एग्जिट गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लेकर सामने आई है। यहां लगे तीन कैमरों में से दो कैमरे बंद थे और उन्हें चालू ही नहीं किया गया था। पुलिस को केवल एक कैमरे की फुटेज मिल सकी है। बाकी दो कैमरों की रिकॉर्डिंग नहीं मिलने से घटना के दौरान बाहर निकलने के रास्ते पर क्या हुआ, इसकी जांच प्रभावित हो रही है।

30 में से 17 सीसीटीवी कैमरे नहीं थे चालू

पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि मंडप में कुल 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन इनमें से 17 कैमरे केवल दिखावे के लिए थे। इन कैमरों को चालू ही नहीं किया गया था। ऐसे में हादसे के समय की पूरी तस्वीर जुटाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस ने चोरबागान से दो सीसीटीवी जब्त किए हैं। इनमें एक डीवीआर में 14 और दूसरे में 16 कैमरों की फुटेज होने की बात थी। हालांकि, एक डीवीआर से केवल 13 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग ही बरामद हो सकी है। पुलिस अब उपलब्ध फुटेज को जोड़कर घटनाक्रम का क्रमवार विश्लेषण कर रही है।

मंडप की प्लानिंग समझने के लिए कलाकार से पूछताछ

मंडप की बनावट और उसकी प्लानिंग को समझने के लिए पुलिस संबंधित कलाकार से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि मंडप के भीतर आने-जाने के रास्ते कैसे बनाए गए थे और भीड़ के दबाव के दौरान किन परिस्थितियों में हादसा हुआ।

मृतकों के परिजनों और घायलों से भी पूछताछ

जांच के सिलसिले में लालबाजार पुलिस की टीमें मेदिनीपुर, चाकदह और दक्षिण 24 परगना भेजी गई हैं। पुलिस उन लोगों से भी बातचीत कर रही है, जो मृतकों के परिवारों के साथ मंडप में आए थे। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए 25 लोगों से पुलिस पहले ही पूछताछ कर चुकी है। अब पुलिस उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मंडप की संरचना से जुड़ी जानकारियों को मिलाकर हादसे की पूरी कड़ी समझने में जुटी है।
SCROLL FOR NEXT