कोलकाता : तारातला में गोदाम ढहने की घटना के बाद सुरक्षा जांच के चलते करीब डेढ़ महीने से ठप पड़े निर्माण कार्यों को अब रफ्तार मिलने लगी है। कोलकाता महानगर क्षेत्र में सुरक्षा ऑडिट के लिए चिन्हित 706 निर्माणाधीन परियोजनाओं में से 535 को हाई लेवल कमेटी ने जांच के बाद मंजूरी दे दी है। इनमें से अधिकांश परियोजनाओं में निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो चुका है।
63 बिंदुओं पर हुई कड़ी जांच
सरकार ने 18 शहरी निकायों और कोलकाता मेट्रोपॉलिटन एरिया के विभिन्न ब्लॉक क्षेत्रों में स्थित निर्माणाधीन इमारतों का सुरक्षा ऑडिट कराया। कुल 706 परियोजनाओं में से 102 ने ऑडिट के लिए अपना विवरण जमा नहीं किया।
इनमें सरकारी परियोजनाएं और वे इमारतें शामिल थीं, जिन्हें पहले ही पूर्णता प्रमाणपत्र मिल चुका था। शेष 604 परियोजनाओं में से 535 को अब निर्माण जारी रखने की अनुमति मिल गई है। इन परियोजनाओं की 63 बिंदुओं पर विस्तृत जांच की गई।
कुछ परियोजनाओं में दिखी खामियां
जांच के दौरान 27 परियोजनाओं में स्वीकृत नक्शे और योजनाओं के गंभीर उल्लंघन पाए गए। इन परियोजनाओं को नोटिस जारी किया गया है। डेवलपर संगठन क्रेडाई के मुताबिक, उसके किसी सदस्य की परियोजना इन 27 मामलों में शामिल नहीं है।
क्रेडाई ने कहा कि बहु-एजेंसी जांच के बाद मिली मंजूरी से परियोजनाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी और घर खरीदारों को यह भरोसा मिलेगा कि संबंधित लाइसेंस और सरकारी मंजूरियां मौजूद हैं। जुलाई के अंत तक पहली खेप में मंजूरी पाने वाली 100 से अधिक परियोजनाओं में निर्माण लगभग पूरी गति से चल रहा है।
अगस्त के पहले सप्ताह में मंजूरी पाने वाली करीब 90 परियोजनाएं भी लगभग 60 प्रतिशत क्षमता से काम कर रही हैं। हाल में मंजूरी मिली अन्य परियोजनाओं में श्रमिकों की संख्या बढ़ने के साथ निर्माण कार्य और तेज होने की उम्मीद है।