कोलकाता : महंगे गिफ्ट दिलाने के नाम पर एक महिला के सोने के गहने लेकर भागने के आरोप में पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। घटना जोड़ासांको थाना इलाके की है। अभियुक्त इबादुल गाजी को पुलिस ने सोनागाछी इलाके से पकड़ा है। जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले एक महिला जब जोड़ासांको के मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट से गुजर रही थी तभी दो लोगों ने उसका रास्ता रोका। अभियुक्तों ने महिला को कहा कि एक व्यक्ति गरीबों को गिफ्ट बांट रहा है और अगर महिला को गिफ्ट चाहिए तो दोनों उसे दिला देंगे। महिला जब अभियुक्तों के साथ जाने लगी तो अभियुक्तों ने महिला को अपने सोने की चेन, इयरिंग और अंगूठी खोलकर उन्हें देने के लिए कहा ताकि गिफ्ट देने वाले व्यक्ति को लगे कि महिला जरूरतमंद है। जालसाजों की बातों में आकर महिला ने जैसे ही अपने गहने खोलकर उनके हाथों में सौंपा तभी दोनों वहां से फरार हो गये। महिला की शिकायत पर कोलकाता पुलिस की एंटी वॉच सेक्शन ने जांच करते हुए इबादुल को गिरफ्तार किया। शनिवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 12 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।