कोलकाता : डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर मासूम लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। हरियाणा पुलिस ने कोलकाता के बांसद्रोणी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर राहुल राय नामक युवक को दबोचा है।
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले हरियाणा की रहने वाली एक महिला को जालसाजों ने 'डिजिटल अरेस्ट' की धमकी देकर डराया था। गिरोह ने महिला पर गंभीर आरोप लगाकर उसे घंटों ऑनलाइन बंधक बनाए रखा और लगभग 3 करोड़ रुपये की बड़ी रकम ऐंठ ली।
मामले की जांच के दौरान हरियाणा पुलिस को पता चला कि महिला से ठगी गई रकम का एक बड़ा हिस्सा कोलकाता के बांसद्रोणी निवासी राहुल राय के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शनिवार को राहुल को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद रविवार को आरोपी राहुल राय को अलीपुर अदालत में पेश किया गया। हरियाणा पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए अदालत से 'ट्रांजिट रिमांड' की मांग की थी। अलीपुर कोर्ट ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपी को आगामी शनिवार तक ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। अब हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाकर इस घोटाले की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी।