File Photo 
कोलकाता सिटी

KMC परिसीमन मसौदे पर कांग्रेस की आपत्ति

आपत्तियों के साथ सुझाव भी सौंपे, समय बढ़ाने की मांग

कोलकाता : पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के प्रस्तावित वार्ड परिसीमन मसौदे पर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराते हुए नगर निगम आयुक्त एवं प्रशासक स्मिता पांडे को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार और शीर्ष नेता आशुतोष चटर्जी ने आरोप लगाया कि पर्याप्त जनसांख्यिकीय और निर्वाचन संबंधी जानकारी सार्वजनिक किए बिना लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगना पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।

कांग्रेस ने मांग की है कि प्रत्येक प्रस्तावित वार्ड की जनसंख्या, मतदाताओं की संख्या, जनसांख्यिकीय संरचना, निर्वाचन सूची के भाग, सीमा निर्धारण का आधार तथा औसत जनसंख्या के मानक सार्वजनिक किए जाएं। पार्टी का कहना है कि इन जानकारियों के अभाव में नागरिक, राजनीतिक दल और अन्य हितधारक प्रस्तावित परिसीमन का निष्पक्ष मूल्यांकन नहीं कर सकते।

ज्ञापन में विस्तृत वार्ड मानचित्र, जीआईएस आधारित नक्शे, पुराने और प्रस्तावित वार्डों का तुलनात्मक विवरण, मतदाता आंकड़े तथा परिसीमन से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है।

साथ ही, सभी राजनीतिक दलों, नागरिक संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ सर्वदलीय बैठक बुलाने तथा आवश्यक सूचनाएं जारी करने के बाद आपत्तियां दर्ज कराने की समय-सीमा बढ़ाने का आग्रह किया गया है।

SCROLL FOR NEXT