कोलकाता : पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने 5 अगस्त को 'लालबाजार चलो' अभियान का आह्वान करते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करने की घोषणा की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 21 जुलाई 1993 के गोलीकांड के शहीदों को न्याय दिलाना, छात्र आंदोलनों पर कथित पुलिस दमन का विरोध करना तथा प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को लेकर सरकार को घेरना होगा।
इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस ने 21 जुलाई 1993 के गोलीकांड में तत्कालीन गृह सचिव और पूर्व मंत्री मनीष गुप्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में हेयर स्ट्रीट थाने में ई-मेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसकी प्रति कोलकाता पुलिस आयुक्त को भी भेजी गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इतने वर्षों बाद भी मामले के कई पहलुओं पर स्पष्टता नहीं आई है, इसलिए निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमिताभ चक्रवर्ती ने कहा कि न्याय तभी सुनिश्चित होगा जब पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि 5 अगस्त का 'लालबाजार चलो' अभियान इन्हीं मुद्दों को लेकर आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, छात्र और समर्थक शामिल होंगे।