कोलकाता : नदिया में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सूफियान की हत्या तथा बांकुड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता के पिता की मौत के विरोध में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस ने राज्य पुलिस मुख्यालय भवानी भवन तक मार्च किया।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के साथ पार्टी नेता प्रदीप प्रसाद, मानस सरकार, आकिब गुलजार, आशुतोष चट्टोपाध्याय, अर्घ्य गण और मिता चक्रवर्ती समेत कई नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान शुभंकर सरकार ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बदलने के बावजूद हिंसा की घटनाओं पर रोक नहीं लगी है। उन्होंने आरोप लगाया, “तृणमूल के दौर में जो लोग हिंसा करते थे, वे जोड़ा फूल से कमल में आकर अब भी हिंसा कर रहे हैं। मुसलमानों को मारा जा रहा है और इसके पीछे भाजपा है। यह साजिश है।”
उन्होंने कहा कि खून-खराबे का दौर बंद होना चाहिए। कांग्रेस संयम बरत रही है। नदिया हत्याकांड में पुलिस की भूमिका पर भी उन्होंने सवाल उठाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा की मांग की। कांग्रेस ने मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की भी मांग की।
अनीसुर रहमान और अबू सूफियान के परिवारों को अलग-अलग 50-50 लाख रुपये तथा बांकुड़ा में मृत व्यक्ति के परिवार को 30 लाख रुपये देने की मांग की गई। शुभंकर ने कहा कि कांग्रेस कानून अपने हाथ में लेने के पक्ष में नहीं है, लेकिन प्रशासन को समय रहते कार्रवाई कर यह सुनिश्चित करना होगा कि लोगों को ऐसा करने के लिए मजबूर न होना पड़े।