File Photo 
कोलकाता सिटी

शहीद दिवस से पहले कांग्रेस ने निकाली प्रचार झांकी

टीएमसी पर साधा निशाना

कोलकाता : 21 जुलाई को शहीद मीनार मैदान में आयोजित होने वाली प्रदेश कांग्रेस की शहीद सभा से पहले बुधवार को पार्टी ने विशेष प्रचार झांकी (टैब्लो) को रवाना कर अभियान की शुरुआत की।

इस झांकी को 1993 के शहीद कल्याण बनर्जी के बड़े भाई विकास बनर्जी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह झांकी शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों से 'शहीद मीनार चलो' का आह्वान करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि 1993 के आंदोलन का इतिहास बदला नहीं जा सकता। उस आंदोलन का नेतृत्व ममता बनर्जी ने किया था और कांग्रेस उस संघर्ष की भागीदार रही थी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को अब अपनी राजनीतिक भूल स्वीकार करनी चाहिए।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस ने 21 जुलाई के शहीदों की स्मृति को राजनीतिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस सभा के माध्यम से शहीदों के सम्मान को पुनर्स्थापित करना चाहती है। उनका उद्देश्य शहीदों के नाम पर राजनीति करना नहीं, बल्कि उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना है।

इस अवसर पर शहीद कल्याण बनर्जी के बड़े भाई विकास बनर्जी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह आज भी अपने भाई की शहादत को नहीं भूल पाए हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि शहीदों के सम्मान को प्रतिस्पर्धी राजनीति का विषय न बनाया जाए, बल्कि उनके बलिदान का सम्मान किया जाए।

SCROLL FOR NEXT