रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कांग्रेस की लड़ाई संविधान बचाने की है। कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश की जनता भी यही चाहती है। पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रवक्ता जननी रॉय ने सन्मार्ग से खास बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। हाल के दिनों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार और एआईसीसी के प्रभारी गुलाम अहमद मीर उत्तर बंगाल के आठ जिलों का दौरा कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया है। कांग्रेस बूथ स्तर पर काम कर रही है और पूरे राज्य में ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करते। कांग्रेस हमेशा से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ती रही है। कांग्रेस चाहती है कि देश में लोकतंत्र को बचाया जाए और बंगाल में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव हों। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बंगाल में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति कमजोर होगी। उदाहरण के तौर पर उपचुनावों में भाजपा लगातार नीचे की ओर जा रही है। बंगाल की जनता भाजपा से ऊब चुकी है और पार्टी का प्रदर्शन बेहतर नहीं होगा। आम लोगों के रोजगार की गारंटी, मनरेगा जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ही संघर्ष कर रही है। यह लड़ाई जनता के हितों की असली लड़ाई है। हाल के दिनों में रानी रासमणि रोड पर आयोजित संविधान रक्षा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे कांग्रेस की ताकत बढ़ी है। आज भी देश में शिक्षा और रोजगार सबसे बड़े मुद्दे हैं। कांग्रेस लगातार आम लोगों की आवाज को बुलंद करती आ रही है।