कोलकाता : सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस ने नौकरी से वंचित शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों की बहाली का मुद्दा सरकार के सामने जोरदार तरीके से उठाया है। प्रदेश कांग्रेस ने SSC 2016 के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षाकर्मियों, ग्रुप-C और ग्रुप-D समेत नौकरी से वंचित अभ्यर्थियों की तत्काल बहाली की मांग करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से हस्तक्षेप की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार और महासचिव आशुतोष चटर्जी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि शुक्रवार को शिक्षकों और नौकरी से वंचित अभ्यर्थियों ने सियालदह से रानी रासमणि एवेन्यू तक शांतिपूर्ण रैली निकालकर अपनी पीड़ा सामने रखी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की वैध नौकरियां चली गईं।
अब सत्ता परिवर्तन के बाद इन लोगों को न्याय और रोजगार वापस दिलाने की जिम्मेदारी नई सरकार की है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से संबंधित पक्षों के साथ तत्काल बातचीत शुरू कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की। पार्टी का कहना है कि वर्षों से संकट झेल रहे शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों को अब और इंतजार नहीं कराया जाना चाहिए।
KMC में वार्डों के परिसीमन पर कांग्रेस का वार
इधर, कांग्रेस ने कोलकाता नगर निगम के नये परिसीमन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। प्रशासक एवं नगर आयुक्त स्मिता पांडे को भेजे पत्र में पार्टी ने दावा किया कि कई सड़कें एक से अधिक प्रस्तावित वार्डों में दिखाई गई हैं। बूथों के सीमांकन और आवश्यक मैपिंग को लेकर भी स्पष्टता नहीं है। कांग्रेस ने इस संबंध में 13 अगस्त तक विस्तृत स्पष्टीकरण देने की मांग की है।