फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर 25 लाख रुपये ठगने का आरोप

पूर्व टीएमसी प्रवक्ता रिजू दत्ता के खिलाफ मामला दर्ज

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: चितपुर थाना में पूर्व तृणमूल नेता रिजु दत्ता के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि रिजु दत्ता ने वर्ष 2014 में एक सेवानिवृत्त डॉक्टर से उनकी बेटी को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये ठग लिए थे। इससे पहले 18 जुलाई को श्यामपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे क्षेत्राधिकार चितपुर थाने का होने के कारण 22 जुलाई को हावड़ा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कोलकाता पुलिस को भेजा गया। इसके बाद 23 जुलाई को चितपुर थाने ने औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

क्या है पूरा मामला

हावड़ा जिले के श्यामपुर निवासी शिकायतकर्ता देबाशीष मंडल (71) ने आरोप लगाया है कि रिजू दत्ता ने जून से अक्टूबर 2014 के बीच कई किस्तों में उनसे 25 लाख रुपये लिए थे। दत्ता ने कथित तौर पर आश्वासन दिया था कि उनकी बेटी का एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला सुनिश्चित करवा दिया जाएगा। शिकायत के अनुसार, मंडल की मुलाकात दत्ता से एम.आर. बांगुर अस्पताल में उनकी सेवा अवधि के दौरान हुई थी। मंडल का आरोप है कि दत्ता ने स्वयं को प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति बताते हुए कहा था कि उनकी बेटी का मेडिकल कॉलेज में दाखिला तभी संभव होगा, जब तय राशि का भुगतान किया जाए। मंडल का कहना है कि उनकी बेटी को एमबीबीएस में प्रवेश नहीं मिल सका और वर्षों तक बार-बार पैसे वापस मांगने के बावजूद दत्ता ने रकम नहीं लौटाई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 10 जुलाई 2026 को जब मंडल अपने पैसे वापस मांगने के लिए दत्ता के राजा बीरेंद्र स्ट्रीट स्थित आवास पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई और यदि उन्होंने पुलिस या किसी अन्य प्राधिकरण से शिकायत की तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए 2026 के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद तृणमूल कांग्रेस से निलंबित किए गए रिजु दत्ता ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा, ‘मैं देबाशीष मंडल नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानता। मैंने उनसे कोई पैसा नहीं लिया। ये सभी आरोप झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। ’

SCROLL FOR NEXT