बारिश में यात्रियों की मुसीबत बढ़ी 
कोलकाता सिटी

बारिश में सियालदह-धापा बाईपास रूट पर यात्रियों की बढ़ी मुसीबत

25 रुपये की जगह 100-150 रुपये वसूलने का आरोप

कोलकाता : बारिश के मौसम में सार्वजनिक परिवहन की अव्यवस्था आम यात्रियों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गई है। सियालदह स्टेशन से धापा बाईपास जाने वाले ऑटो रूट पर यात्रियों को इन दिनों दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

एक ओर लगातार बारिश के कारण सड़क पर खड़े होकर ऑटो का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है, वहीं दूसरी ओर धापा बाईपास ऑटो स्टैंड पर पर्याप्त ऑटो उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों की लंबी कतारें लग रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि निर्धारित लाइन में खड़े लोगों को ऑटो में बैठाने के बजाय कुछ चालक बिना कतार के यात्रियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

इसके लिए कथित तौर पर 25 रुपये के सामान्य किराये के बजाय 100 से 150 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इससे घंटों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है।

बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के साथ यात्री कतार में परेशान

सबसे गंभीर स्थिति उन यात्रियों के लिए है, जिन्हें बारिश के बीच लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ रहा है। कतार में बुजुर्ग, छोटे बच्चों के साथ महिलाएं और गर्भवती महिलाएं भी शामिल रहती हैं।

यात्रियों का कहना है कि कई लोगों को जरूरी काम से जाना होता है, लेकिन ऑटो की कमी के कारण उन्हें मजबूरन घंटों इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों का आरोप है कि कुछ चालक लाइन की व्यवस्था को नजरअंदाज कर अधिक किराया देने वाले यात्रियों को बैठाकर चले जाते हैं।

“गैस का खर्च भी हमें ही उठाना पड़ता है”

जब यात्रियों की ओर से चालकों से लाइन में खड़े लोगों को पहले ले जाने और अधिक किराया नहीं वसूलने की बात कही जाती है, तो कुछ चालक कथित तौर पर जवाब देते हैं कि “ऑटो में गैस का खर्च भी होता है, उसका भुगतान कौन करेगा?”

यात्रियों का कहना है कि चालक अपने खर्च और कमाई की चिंता जरूर करें, लेकिन बारिश में घंटों कतार में खड़े आम लोगों की मजबूरी और परेशानी को भी समझना जरूरी है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित परिवहन अधिकारियों से ऑटो की उपलब्धता बढ़ाने, निर्धारित किराया लागू कराने और कतार व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT