सीएम शुभेंदु अधिकारी लालबाजार में पुलिस कर्मियों का अभिवादन स्वीकार करते हुए  
कोलकाता सिटी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहुंचे लालबाजार, पुलिस की प्रतिबद्धता और अथक सेवा को सराहा

जय श्री राम से गूज उठा परिसर

कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कोलकाता पुलिस के मुख्यालय, लालबाजार का दौरा किया। मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद यह पहला मौका था जब शुभेंदु अधिकारी लालबाजार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक भी की। मुख्यमंत्री मंगलवार की सुबह नदिया जिले के कल्याणी में एक प्रशासनिक बैठक में शामिल हुए थे। वहां की बैठक संपन्न करने के बाद जैसे ही वे कोलकाता लौटे, उनका काफिला सीधे लालबाजार के लिए रवाना हो गया। मुख्यमंत्री के आगमन की पूर्व सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे परिसर को मुस्तैद कर दिया गया था। इस दौरान सीएम को देखते हुए वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और अन्य कर्मियों ने जय श्रीराम का नारा लगाया। जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला लालबाजार पहुंचा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर 1 देवेंद्र प्रकाश सिंह ने अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ गुलदस्ता भेंट कर शुभेंदु अधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

पुलिस बल के समर्पण की सराहना की

लालबाजार के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कोलकाता पुलिस के कार्यबल को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कोलकाता पुलिस के कर्मियों और अधिकारियों के अटूट संकल्प, काम के प्रति उनकी निष्ठा और चौबीसों घंटे की जा रही अथक मेहनत की जमकर सराहना की। दौरे के दौरान, माननीय मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों के साथ अपने बहुमूल्य विचार साझा किए, उनका मार्गदर्शन किया और भविष्य के लिए उनका हौसला बढ़ाया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री के इस औचक दौरे और उनके प्रेरणादायी शब्दों ने कोलकाता पुलिस बल के सभी सदस्यों में एक नया जोश, प्रेरणा और उत्साह भर दिया है। इस बैठक में आगामी दिनों में शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।

SCROLL FOR NEXT