वॉटगंज थाना में रजिस्टर जांच करते सीएम शुभेंदु अधिकारी 
कोलकाता सिटी

जर्जर बैरक की शिकायत सुनते ही एक्शन में आए सीएम शुभेंदु अधिकारी

वाटगंज और इकबालपुर थाने में किया औचक निरीक्षण

फाइलें, सीसीटीवी और लॉक-अप तक की खुद की जांच

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए मुख्यमंत्री एवं पुलिस मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार की सुबह पुलिस और प्रशासनिक तंत्र की अचानक जांच की। बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री सीधे कोलकाता के वाटगंज और इकबालपुर पुलिस स्टेशनों के साथ-साथ न्यू मार्केट स्थित दमकल विभाग के मुख्यालय पहुंचे। उनके औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

महिला हेल्प डेस्क पर बैठकर की रजिस्टर की जांच

मुख्यमंत्री का पहला पड़ाव वाटगंज थाना था। उनके पहुंचने की भनक किसी अधिकारी को पहले से नहीं थी। थाने में प्रवेश करते ही उन्होंने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और स्वयं वहां बैठकर शिकायत रजिस्टर देखा। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सेरेस्टा में रखी चार्जशीट बुक की जांच की और थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं कवरेज की जानकारी ली। जांच अधिकारियों के कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद वह दूसरी मंजिल पर पहुंचे, वहां लॉकअप के बाहर तैनात महिला पुलिस कर्मी को देखकर उसके कार्य की सराहना की। इसके अलावा सीएम ने मालखाने और लॉक-अप का भी बारीकी से निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार थाने के फीडबैक रजिस्टर में सीएम ने लिखा, ओसी सिद्धार्थ चटर्जी के नेतृत्व और कार्य सराहनीय हैं।

इकबालपुर थाने में बैरक की जर्जर हालत देख तत्काल दिए मरम्मत के आदेश

वाटगंज के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इकबालपुर थाना पहुंचे। यहां भी उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, रजिस्टर और थाने की बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। ओसी के कक्ष में बैठकर उन्होंने थाने की समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। थाना प्रभारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुलिस बैरक लंबे समय से जर्जर स्थिति में है, जिससे जवानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने बैरक का निरीक्षण कर चार महीने के भीतर उसकी मरम्मत और सुन्दरीकरण का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान डीसी (पोर्ट) भी थाने पहुंचे।

बड़ाबाजार अग्निकांड पर दमकल मुख्यालय में ली पूरी रिपोर्ट

इकबालपुर थाने के बाद मुख्यमंत्री न्यू मार्केट स्थित दमकल विभाग के मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और दमकल अधिकारियों से विभाग की तैयारियों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की समीक्षा की। बुधवार को तड़के बड़ाबाजार में लगी आग की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आग लगने की सूचना मिलने से लेकर दमकल की गाड़ियों के घटनास्थल पर पहुंचने में लगे समय, बचाव कार्य की रणनीति और आग पर काबू पाने की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने पर विशेष जोर दिया।

SCROLL FOR NEXT