कोलकाता : भवानीपुर में सोमवार की शाम आयोजित धन्यवाद ज्ञापन सभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में भवानीपुर के लोगों ने असली विधायक का काम नहीं देखा और अब वे समझ पाएंगे कि विधायक कैसे काम करता है।
सभा में 63 नंबर वार्ड के लोगों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने दावा किया कि क्षेत्र में भय का माहौल था, जिसे अब समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही भवानीपुर के 8 में से 7 वार्डों में विधायक कार्यालय खोलेंगे और केवल एक वार्ड को लेकर निर्णय बाद में लिया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों के लिए एक डेडिकेटेड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जारी करने की घोषणा भी की, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं उनसे साझा कर सकें। अधिकारी ने दावा किया कि राज्य में सिंडिकेट राज, वसूली और भय का माहौल समाप्त किया जाएगा और विकास कार्य तेज किए जाएंगे।
शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर ममता बनर्जी वोट देती हैं, वहां भी उन्हें बढ़त मिली है। उन्होंने दावा किया कि भवानीपुर और अन्य क्षेत्रों के लोगों ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। सभा में उन्होंने कहा कि भवानीपुर के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और लोगों के भरोसे को वे पूरा करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे और जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।