Source: Internet  
कोलकाता सिटी

इस साल सीएम शुभेंदु खींचेंगे प्रभु जगन्नाथ का रथ

55वीं इस्कॉन रथयात्रा का करेंगे शुभारंभ, तैयारियां पूरी

कोलकाता: कोलकाता की ऐतिहासिक इस्कॉन रथयात्रा इस वर्ष 55वें संस्करण के साथ 16 जुलाई को भव्य रूप से आयोजित होगी। इस्कॉन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा सुभद्रा की पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक रूप से रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी पहली इस्कॉन रथयात्रा होगी, जिससे इस आयोजन का धार्मिक के साथ-साथ राजनीतिक महत्व भी बढ़ गया है।

रथयात्रा दक्षिण कोलकाता स्थित इस्कॉन मंदिर से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेगी। वहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रह उल्टा रथ तक विराजमान रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन के साथ प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस बार देश-विदेश से रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस्कॉन के अनुसार, चीन, रूस, यूक्रेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों से भक्त कोलकाता पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए विशेष स्वागत और आवास की व्यवस्था की गई है। संगठन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देने की तैयारी की है।

आयोजन को लेकर प्रशासन और कोलकाता पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाई है। रथयात्रा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इस्कॉन ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से रथयात्रा में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों का विश्वास है कि इस वर्ष की रथयात्रा अब तक की सबसे भव्य और व्यवस्थित रथयात्राओं में से एक होगी।

SCROLL FOR NEXT