सीएम शुभेंदु अधिकारी प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए  
कोलकाता सिटी

अवैध शराब-गांजा अड्डों पर दो हफ्ते में होगी कार्रवाई : सीएम शुभेंदु

सीएम का दावा : नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या में अवैध अड्डे की बड़ी भूमिका सीएम ने डीजीपी को अगले दो सप्ताह तक पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाने को दिया निर्देश

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर के साथ ही पूरे राज्य में अवैध शराब, गांजा, चरस और अन्य मादक पदार्थों के अड्डों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश डीजीपी को दिया है। उनका मानना है कि बारुईपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना के पीछे ऐसे अवैध अड्डों की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से इन अड्डों को पूरी तरह समाप्त करने का आह्वान किया और लोगों से अपील की कि यदि कहीं ऐसे ठिकानों की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। मुख्यमंत्री ने कहा, "हर अपराध के पीछे कोई न कोई कारण होता है। बारुईपुर में जो जघन्य अपराध हुआ, उसके पीछे अवैध शराब, गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों के अड्डों की बड़ी भूमिका रही है। यदि कहीं ऐसे अड्डों की जानकारी मिले तो लोग पुलिस को इसकी सूचना दें।" मुख्यमंत्री के के साथ राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता तथा जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिया कि अगले दो सप्ताह तक पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बटालियनों के जवानों को भी इस अभियान में लगाया जाए और प्रत्येक जिले की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाए, ताकि राज्यभर में अवैध शराब, गांजा और चरस के अड्डों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जा सके।

ग्रामीण इलाकों में भी अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पहले से ही ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ नियमित अभियान चला रही है, लेकिन अब ग्रामीण इलाकों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई हो रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों से भी इस सामाजिक बुराई को पूरी तरह समाप्त करना होगा, ताकि समाज को इससे बचाया जा सके।" मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार की मांग पर ही सूर्यपुर क्षेत्र में नया पुलिस आउटपोस्ट स्थापित किया गया है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।

SCROLL FOR NEXT