ममता बनर्जी 
कोलकाता सिटी

भाजपा के लिए मुश्किल दौर शुरू : ममता

चुनावी माहौल में भाजपा पर किया तीखा हमला

कोलकाता : बंगाल में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया है। चौरंगी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा को गंभीर राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि अगस्त के बाद से भाजपा के लिए कठिन समय शुरू हो जाएगा और आने वाले महीनों में उसकी स्थिति और कमजोर हो सकती है।

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र की सत्ता का इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और राजनीतिक परिस्थितियां बदलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मतदान के दिन जीत का दावा करना जनता का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वोट जनता देती है, तो कोई पहले से जीत कैसे तय कर सकता है?

साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि 4 मई के बाद गड़बड़ी की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने केंद्रीय बलों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ‘झालमुड़ी’ प्रसंग पर तंज कसते हुए ममता ने इसे पूर्व-नियोजित प्रचार बताया और कहा कि वह आम लोगों के बीच बिना दिखावे के जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में जीत हासिल करने के बाद वह दिल्ली में ‘भेलपुरी’ भेजेंगी।

ममता ने दावा किया कि भाजपा केवल एजेंसियों के सहारे राजनीति कर रही है और उसका पतन शुरू हो चुका है। उन्होंने डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण बिल को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने देश की मेट्रो और रेलवे परियोजनाओं में अहम योगदान दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें “रेल मिनिस्टर ऑफ बंगाल” कहा जाता था, लेकिन कई बार उन्हें अपमान और उपेक्षा का सामना करना पड़ा। इस अवसर पर वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय, उनकी पत्नी और उम्मीदवार नयना बंद्योपाध्याय, संदीपन साहा सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT