बारुईपुर पश्चिम के विधायक विमान बनर्जी उद्घाटन के दौरान वक्तव्य रखते हुए, साथ में हैं डीएम सुमित गुप्ता व अन्य 
कोलकाता सिटी

सीएम ममता ने द. 24 परगना में 21 मीटर लंबे नये पुल का किया वर्चुअल उद्घाटन

बारुईपुर: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को एक अहम विकास परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने दक्षिण 24 परगना जिले के सूरजपुर खाल (नहर) पर बने एक दो लेन वाले नये पुल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनता को समर्पित किया। इस पुल के निर्माण से स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इस अवसर पर कोलकाता स्थित एसएसकेएम अस्पताल के ऑडिटोरियम में एक औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कई प्रमुख प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में बारुईपुर पश्चिम के विधायक विमान बनर्जी ने कहा कि इस पुल से गड़िया–मथुरापुर राज्य सड़क मार्ग पर आवाजाही आसान होगी और आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पुल से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। इस अवसर पर दक्षिण 24 परगना जिला परिषद की सभाधिपति नीलिमा विशाल मिस्त्री, जिलाधिकारी सुमित गुप्ता, मत्स्य विभाग के कर्माध्यक्ष जयंत भद्र, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। सभी ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन की सराहना की और इसे जनता के लिए एक बड़ी सौगात बताया। इस पुल की कुल लंबाई 21 मीटर है और यह एक आधुनिक दो लेन वाला पुल है, जो गड़िया–मथुरापुर राज्य सड़क मार्ग पर सूरजपुर खाल पर स्थित है। इसे पुराने और जर्जर हो चुके पुल के स्थान पर नया रूप देकर तैयार किया गया है। पुल के निर्माण पर कुल 7.84 करोड़ रुपये की लागत आयी है। पुल के चालू हो जाने से स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों तथा यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। पहले पुराने पुल की स्थिति काफी खराब थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था और यातायात में रुकावटें आती थीं। अब नए पुल के माध्यम से भारी वाहनों की आवाजाही भी संभव हो सकेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा। राज्य सरकार की यह पहल न केवल बेहतर आधारभूत संरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की दिशा में मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर देखी गई।

SCROLL FOR NEXT