राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दुर्गा पूजा तक हॉकर्स को नहीं हटाने के सीएम शुभेंदु अधिकारी के फैसले का ऑल बंगाल हॉकर यूनियन ने स्वागत किया है। इस बीच शनिवार को हाजरा मोड़ स्थित जतिन दास पार्क मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हॉकर यूनियन ने प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार 30 जून को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ओर से फुटपाथ पर लगे छोटे स्टॉल और दुकानों को हटाने की नोटिस जारी की गई थी। नोटिस मिलने के दो दिन बाद ऑल बंगाल हॉकर यूनियन ने अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा था। यूनियन का दावा है कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दुकानों को पूरी तरह नहीं हटाया जाएगा। इसी बीच हॉकरों को मौखिक संदेश मिला कि सीएम ने जनता दरबार में हॉकर प्रतिनिधियों से मिलने के बाद हॉकरों को पूजा तक नहीं हटाने का फैसला लिया है। हॉकर्स नीलम देवी, बसंती रजवार, रेनू रजवार, सुदीप माझी, पप्पू, शक्ति श्रीनिवास, राहुल सिंह, वशिष्ठ शाह और मौसमी बाग सहित कई लोगों ने कहा कि वे पिछले तीन दशकों से इस क्षेत्र में स्टॉल लगाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं। उन्होंने हॉकरों को पूजा तक नहीं हटाने के फैसले की सराहना की है।
फुटपाथ खाली करने की पहल, दुकानदारों ने स्वयं हटाया अतिक्रमण का कुछ हिस्सा
अधिकारियों के आश्वासन के बाद हॉकर्स ने बैठक कर फुटपाथ पर लगे प्लास्टिक शेड और अतिरिक्त ढांचों को स्वयं हटाने का निर्णय लिया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी छोटी कर दीं, ताकि पैदल यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सके। एस.पी. मुखर्जी रोड और हाजरा मोड़ से लेकर जतिन दास पार्क मेट्रो स्टेशन के आसपास सैकड़ों हॉकर्स प्रतिदिन कारोबार करते हैं। इस मौके पर यूनियन की हाजरा मोड़ इकाई के अध्यक्ष देबू साव ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स (प्रोटेक्शन ऑफ लिवलीहुड एंड रेगुलेशन ऑफ स्ट्रीट वेंडिंग) एक्ट, 2014 के तहत हॉकर्स को स्टॉल लगाने का कानूनी अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार फुटपाथ के तीन हिस्सों में से दो हिस्से पैदल यात्रियों के लिए खाली छोड़कर केवल एक हिस्से में ही दुकान लगाई जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने हॉकर्स से स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की। यूनियन ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के फैसले की सराहना की। इस फैसले से हजारों हॉकर्स और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।