File Photo 
कोलकाता सिटी

नव-भाजपाइयों की वसूली पर सीएम सख्त

ऋतब्रत गुट से विधानसभा क्षेत्रवार सूची मांगी

कोलकाता : राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ‘नव-भाजपाइयों’ पर वसूली और धमकी के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को नवान्न में तृणमूल के बागी विधायकों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने ऋतब्रत बनर्जी गुट को ऐसे भाजपा कार्यकर्ताओं की विधानसभा क्षेत्रवार सूची तैयार कर उन्हें सौंपने का निर्देश दिया।

ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि उन्होंने और विपक्ष के मुख्य सचेतक आखरुज्जमां ने बैठक में ‘नव-भाजपाइयों’ द्वारा तृणमूल कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने, धमकी देने और पैसे मांगने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ऐसे लोगों को चिह्नित कर पूरी जानकारी के साथ सूची तैयार करने को कहा।

ऋतब्रत ने बताया कि सूची में यह भी उल्लेख करना होगा कि किस व्यक्ति पर क्या आरोप है और किससे कितने पैसे मांगे गए हैं। मुख्यमंत्री ने शिकायतों की जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि 4 मई को विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद कई जगहों पर तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वसूली तथा धमकी के आरोप लगे हैं।

ऋतब्रत गुट का दावा है कि इससे तृणमूल कार्यकर्ताओं में असंतोष और भय का माहौल है। ऋतब्रत ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने हमारी बात गंभीरता से सुनी है। दोषी चाहे किसी भी पक्ष का हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।’

SCROLL FOR NEXT