फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

रेड सिग्नल पर थमा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का काफिला, नहीं बजा सायरन

चिनार पार्क के निकट वीआईपी रोड की घटना

विधाननगर : राज्य की सड़कों पर दशकों से चली आ रही ‘वीआईपी संस्कृति’ को खत्म करने की दिशा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक बड़ी नजीर पेश की है। शनिवार की सुबह दफ्तर जाने के व्यस्त समय के दौरान वीआईपी रोड पर गाड़ियों की लंबी कतारों के बीच मुख्यमंत्री का काफिला भी आम गाड़ियों की तरह ट्रैफिक सिग्नल पर थमा रहा। मुख्यमंत्री की गाड़ी को रास्ता देने के लिए न तो कोई सायरन बजाया गया और न ही ट्रैफिक रोका गया। सिग्नल हरा होने के बाद ही मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ा। दरअसल इस वक्त कोलकाता आये अमरीका के स्टेट सेक्रेटरी मार्को रूबियो का काफिला वहां से गुजर रहा था, इसलिए सिग्नल लाल होने पर मुख्यमंत्री का काफिला रुक गया था।

चिनार पार्क से सियालदह जाते समय दिखा यह नजारा

सचिवालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी चिनार पार्क स्थित अपने आवास से सियालदह में आयोजित 'रोजगार मेला' में शामिल होने के लिए निकले थे। जब उनका काफिला वीआईपी रोड और हल्दीराम मोड़ के जंक्शन पर पहुंचा, तो वहां ट्रैफिक सिग्नल लाल था। व्यस्त समय होने के कारण सड़क पर पहले से ही गाड़ियों की भारी भीड़ थी। आमतौर पर किसी भी मुख्यमंत्री या कद्दावर मंत्री के आने पर पुलिस तुरंत रास्ता खाली करा देती है, लेकिन यहां नजारा बिल्कुल बदला हुआ था। अन्य नागरिक वाहनों की तरह मुख्यमंत्री का काफिला भी वहीं रुक गया। लगभग एक मिनट तक मुख्यमंत्री की गाड़ी सिग्नल पर खड़ी रही, लेकिन इस दौरान पुलिस की पायलट कार ने एक बार भी सायरन नहीं बजाया और न ही अन्य गाड़ियों को हटाने की कोशिश की गई।

सख्ती से लागू किया अपना ही आदेश

गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालते ही शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिये थे कि वीआईपी कल्चर के पुराने नियमों को तुरंत बंद किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि मुख्यमंत्री का काफिला भी आम जनता की तरह ही ट्रैफिक सिग्नल और नियमों का पालन करेगा। शनिवार को वीआईपी रोड पर दिखा यह दृश्य उसी निर्देश का जमीन पर क्रियान्वयन था।


SCROLL FOR NEXT