कोलकाता: कलकत्ता बॉयज स्कूल की ओर से क्लिफोर्ड हिक्स अंतर्राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता के 10वें संस्करण का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों के 83 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, शोध क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद कौशल को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखने और विरोधी पक्ष के तर्कों का तार्किक ढंग से जवाब देने का अवसर मिल रहा है। अलग-अलग राज्यों और देशों से आए प्रतिभागियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान से प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिला है।
कलकत्ता बॉयज स्कूल के प्रधानाचार्य एवं सचिव राजा मैक्गी ने बताया कि प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2015 में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय क्लिफोर्ड हिक्स की स्मृति में की गई थी।
उन्होंने कहा कि क्लिफोर्ड हिक्स स्वयं एक कुशल वक्ता और तार्किक विचारक थे, इसलिए उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का मंच प्रदान करती है।
राजा मैक्गी के अनुसार, इस वर्ष प्रतियोगिता में भारत और विदेश के 83 स्कूलों के 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। पांच दिवसीय आयोजन में दो दिन प्रारंभिक चरण, एक दिन उपांत्य चरण और दो दिन अंतिम चरण आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को शोध, तर्क-वितर्क और सार्वजनिक वक्तृत्व के जरिए अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, आत्मविश्वास और संचार कौशल विकसित करना भी है।
विद्यालय का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर विभिन्न विचारों को समझने और जिम्मेदारी के साथ संवाद करने का अनुभव मिलता है।