कोलकाता : बारासात लोकसभा क्षेत्र के सभी इलाकों में पाइपलाइन के जरिये शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एनसीपीआई सांसद डॉ. काकोली घोष दस्तीदार ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी. आर. पाटिल को पत्र लिखा है। उन्होंने क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने और घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से सुरक्षित पानी पहुंचाने के लिए केंद्र से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
सांसद ने विशेष रूप से देगंगा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल परियोजना के विस्तार की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि प्रस्तावित परियोजना के तहत लोगों को आर्सेनिक मुक्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल की सुविधा बढ़ने के साथ लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
डॉ. घोष दस्तीदार ने देगंगा के छोटे जागुलिया, कोटरा और कदमगाछी समेत विभिन्न इलाकों में घर-घर पाइपलाइन के जरिये पानी पहुंचाने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी जरूरत है। इसलिए संबंधित परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
सांसद ने केंद्र सरकार से परियोजना को जल्द मंजूरी देने और इसके क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाइपलाइन आधारित जलापूर्ति व्यवस्था के विस्तार से बारासात लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें सुरक्षित पेयजल के लिए वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भरता कम होगी।