कोलकाता : नेताजीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नं. 98 में रविवार सुबह दीवार लेखन को लेकर भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच तनाव भड़क उठा। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
क्या है पूरा मामला
सूत्रों के अनुसार, नेताजीनगर थाने के पीछे स्थित इलाके में दीवार पर ग्रैफिटी बनाने को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हुई। भाजपा का आरोप है कि उनके कार्यकर्ता दीवार पर ग्रैफिटी बना रहे थे, तभी तृणमूल कार्यकर्ता वहां पहुंचे और हमला कर दिया। वहीं तृणमूल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पहले हमला भाजपा की ओर से किया गया। तनाव बढ़ने पर दोनों पक्षों के समर्थक पुलिस स्टेशन के सामने जमा हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन दिन चढ़ने के साथ स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और एक-दूसरे पर ईंट तथा टूटी टाइलें फेंकीं। झड़प में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को थाने का मुख्य द्वार बंद करना पड़ा। एक तृणमूल समर्थक ने दावा किया कि वे किसी को मारने नहीं गए थे, बल्कि उन पर पहले हमला किया गया। वहीं भाजपा कार्यकर्ता का कहना है कि वे अपने कार्यकर्ता पर हुए हमले के विरोध में थाने पहुंचे थे और पुलिस की मौजूदगी में उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।