कालीघाट में सीएम ममता बनर्जी के आवास के निकट तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच हो रही स्लोगनबाजी 
कोलकाता सिटी

कालीघाट में रोड शो के दौरान भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं में झड़प

पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत

कोलकाता : भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के नामांकन दाखिल करने के दौरान गुरुवार को कालीघाट इलाके में भारी तनाव देखने को मिला। नारेबाजी और जवाबी नारेबाजी के बीच माहौल इतना गरमा गया कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई और मारपीट की नौबत आ गई। सीएम ममता बनर्जी के आवास के आसपास स्थिति सबसे अधिक तनावपूर्ण हो गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस और केंद्रीय बलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके कारण गृहमंत्री अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी रोड शो के दौरान आधे रास्ते से कार के जरिए नामांकन केन्द्र के लिए रवाना हुए।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दोपहर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर से नामांकन दाखिल करने से पहले हाजरा मोड़ से रोड शो किया। इस रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य समेत कई भाजपा नेता और उम्मीदवार शामिल थे। जैसे ही रोड शो कालीघाट के पास पहुंचा, राजनीतिक माहौल गरमाने लगा। भाजपा समर्थक ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे, वहीं तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता ‘जय बांग्ला’ के नारों के साथ विरोध में उतर आये। तृणमूल कार्यकर्ता पार्टी के झंडों के साथ काले झंडे लेकर सड़क पर जुट गए और भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। रोड शो जब ममता बनर्जी के आवास के पास पहुंचा, तब स्थिति और अधिक बिगड़ गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तीखी नारेबाजी के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर हाथ उठाये जिससे माहौल अराजक हो गया। हालात बिगड़ते देख अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी रोड शो के वाहन से उतरकर दूसरे वाहन से सर्वे बिल्डिंग की ओर रवाना हो गये। इसके बावजूद स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस और केंद्रीय बलों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। बाद में सर्वे बिल्डिंग के पास माइक के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया, जिससे वहां भी तनाव का माहौल बना रहा। पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था को बनाये रखना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया।


SCROLL FOR NEXT