दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में एक ई-कॉमर्स कंपनी के डार्क स्टोर में जबरन घुसकर तोड़फोड़, महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के संबंध में कंपनी के प्रतिनिधि जोहर दास ने पर्णश्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 जुलाई को शाम करीब 7 बजे की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अवैध रूप से प्रवेश करने (क्रिमिनल ट्रेसपास), शारीरिक हमला करने और आपराधिक धमकी देने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता के अनुसार, पर्णश्री के सतग्राम में ई-कॉमर्स कंपनी का एक डार्क स्टोर है, जहां से आवश्यक वस्तुओं की डोरस्टेप डिलीवरी की जाती है। आरोप है कि 4 जुलाई की शाम अभिजीत बोस, टुकुन बोस, अभिसिक्ता बोस और मीनाक्षी जाना नाम के चार लोग बिना किसी अनुमति के स्टोर परिसर में जबरन घुस आए। परिसर में दाखिल होने के बाद इन लोगों ने निजी संपत्ति के भीतर अवैध रूप से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब स्टोर के स्टाफ ने इस पर आपत्ति जताई और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि चारों हमलावरों ने स्टोर के कर्मचारियों को न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि वहां मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इस हमले में स्टोर की दो महिला स्टाफ सोमा सामंत और श्रेया बर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों महिला कर्मियों को शारीरिक चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना पड़ा। अस्पताल में प्राथमिक उपचार और डॉक्टरी सहायता के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और डार्क स्टोर के आस-पास के चश्मदीदों तथा घटनाक्रम की जांच कर रही है।