सन्मार्ग संवाददाता
नई दिल्ली : देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने और स्वदेशी ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन तकनीक विकसित करने की दिशा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ा कदम उठाया है। CISF ने गुरुवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
IIT दिल्ली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में CISF की ओर से आईपीएस अधिकारी श श्री सेंथिल अवूडई कृष्णा राज एस और IIT दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर IIT दिल्ली के डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) प्रो. अश्विनी के. अग्रवाल भी उपस्थित थे।
ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक पर होगा काम
इस समझौते के तहत CISF और IIT दिल्ली ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। इसमें CISF जवानों के लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण, संयुक्त अनुसंधान एवं विकास, सुरक्षा संबंधी जमीनी चुनौतियों की पहचान और उनके तकनीकी समाधान तैयार करना शामिल है। इसके अलावा, दोनों संस्थान शोध पत्रों, तकनीकी विचारों और विशेषज्ञों की सलाह का भी आदान-प्रदान करेंगे।
अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विकसित होगी विशेष सुरक्षा तकनीक
गृह मंत्रालय ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की हवाई सुरक्षा के लिए CISF को नोडल सुरक्षा एजेंसी नामित किया है। हाल ही में CISF ने एयरपोर्ट, पोर्ट, कोयला और बिजली जैसे क्षेत्रों के लिए अलग-अलग कार्यात्मक इकाइयों का पुनर्गठन किया है।
इसके तहत एयरपोर्ट पर उड़ान मार्गों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सटीक ड्रोन पहचान और बिना परिचालन बाधित किए एंटी-ड्रोन उपाय विकसित किए जाएंगे। वहीं, बंदरगाहों की समुद्री और तटीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष तकनीक तैयार होगी। कोयला और बिजली प्रतिष्ठानों के लिए बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी, नाइट विजन और लगातार हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा।
पांच IIT के साथ हुआ CISF का सहयोग
IIT दिल्ली के साथ समझौता होने के बाद CISF का IIT संस्थानों के साथ तकनीकी सहयोग बढ़कर पांच प्रमुख संस्थानों तक पहुंच गया है। इससे पहले CISF ने IIT रोपड़, IIT कानपुर, IIT मद्रास (प्रवर्तक) और IIT हैदराबाद (TiHAN) के साथ भी समझौते किए हैं।
IIT रोपड़: महत्वपूर्ण विमानन प्रतिष्ठानों की साइबर सुरक्षा और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करना।
IIT कानपुर: साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण और राजस्थान के बहरोड़ स्थित MPRTC में ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन तकनीक के उत्कृष्टता केंद्र (CoE) का विकास।
IIT मद्रास (प्रवर्तक): विशेष तकनीकी और सुरक्षा प्रशिक्षण।
IIT हैदराबाद (TiHAN): ऑटोनॉमस नेविगेशन, NISA प्रशिक्षुओं के लिए ड्रोन प्रशिक्षण और हवाई खतरों से निपटने में तकनीकी सहयोग।
IIT दिल्ली: ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन तकनीक में अनुसंधान, प्रशिक्षण और स्वदेशी सुरक्षा समाधान विकसित करना।
CISF के अनुसार, देश के अलग-अलग IIT संस्थानों के साथ साझेदारी से अधिक संख्या में जवानों को एक साथ विशेष प्रशिक्षण देना संभव होगा। इससे बल की तकनीकी दक्षता और परिचालन तैयारियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल के जरिए CISF ने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को आधुनिक हवाई खतरों से सुरक्षित रखने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।