सन्मार्ग संवाददाता
नई दिल्ली : देश के महत्वपूर्ण संस्थानों की 24 घंटे सुरक्षा करने वाले अपने जवानों की जीवनशैली और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने एक अहम पहल की है। बल ने नई दिल्ली के साकेत स्थित अपने परिसर में आधुनिक 'प्री-फैब्रिकेटेड' आवास (बैरक) बनाने के लिए इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IRFC) फाउंडेशन और NSL सर्विसेज लिमिटेड के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते (MoA) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते पर 17 नवंबर को CISF यूनिट DMRC, दिल्ली में हस्ताक्षर किए गए। CISF की ओर से डॉ. संतोष कुमार सिंह (DIG/DMRC), IRFC फाउंडेशन की ओर से सदस्य श्री श्वेत केतु मिश्रा और NSL सर्विसेज लिमिटेड के CEO श्री सुनील कुमार पांडेय ने करार पर दस्तखत किए। IRFC की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) पहल के तहत इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 1.99 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे 288 CISF जवानों को रहने की बेहतरीन सुविधा मिलेगी।
क्या है प्रोजेक्ट की खासियत ?
इस प्रोजेक्ट के तहत साकेत परिसर में छह 'डबल-डेकर, प्री-फैब्रिकेटेड कंटेनरीकृत' बैरक बनाए जाएंगे। हर बैरक में 48 जवानों के रहने की क्षमता होगी। इसके साथ ही, बाथरूम और वॉशबेसिन जैसी सुविधाओं से लैस दो अलग-अलग प्री-फैब्रिकेटेड टॉयलेट ब्लॉक भी बनेंगे।
निर्माण कार्य की जिम्मेदारी आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत आने वाली NBCC (इंडिया) लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी 'NSL सर्विसेज लिमिटेड' को सौंपी गई है। यह प्रोजेक्ट समझौता लागू होने के 12 महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
जवानों का कल्याण ही राष्ट्रीय सुरक्षा की नींव
इस मौके पर DIG DMRC डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा - "एयरपोर्ट, मेट्रो नेटवर्क, बिजली संयंत्रों और बंदरगाहों जैसे देश के बेहद संवेदनशील और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा CISF जवानों के कंधों पर है। इन ड्यूटीज में लगातार सतर्कता, अनुशासन और शारीरिक-मानसिक चुस्ती की जरूरत होती है। जब जवानों को ड्यूटी के बाद एक आरामदायक और आधुनिक रिहाइशी सुविधा मिलती है, तो उनका मनोबल और कार्यक्षमता दोनों बढ़ते हैं। CISF की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए जवानों के लिए ऐसा बुनियादी ढांचा खड़ा करना आज वक्त की सबसे बड़ी जरूरत है।"
संस्थागत तालमेल का शानदार उदाहरण
यह प्रोजेक्ट इस बात का भी एक बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे एक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), एक सरकारी उपक्रम (CPSE) का CSR मंच और एक सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी मिलकर देश की सुरक्षा में लगे जवानों के कल्याण के लिए काम कर सकते हैं। जहां IRFC फाउंडेशन इस प्रोजेक्ट की फंडिंग कर रहा है, वहीं NSL इसका निर्माण करेगा और CISF पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी करेगा।