CISF मुख्यालय के ADG विजय प्रकाश एवं NIA के IG संतोष रस्तोगी सहित दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी  
कोलकाता सिटी

दिल्ली में 167 आवासीय क्वार्टर “निःशुल्क आधार” पर प्राप्त करने हेतु CISF ने NIA के साथ समझौता किया

कर्मचारियों के आवासीय कल्याण में बड़ा कदम

सन्मार्ग संवाददाता

नयी दिल्ली : अपने कर्मियों के कल्याण को सुदृढ़ करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत नई दिल्ली स्थित मैदानगढ़ी में स्थित 167 नवीन निर्मित आवासीय क्वार्टर तथा एक सामुदायिक भवन CISF को 15 वर्षों के लिए “निःशुल्क आधार” पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इन क्वार्टरों में 15 टाइप-IV, 77 टाइप-III और 75 टाइप-II शामिल हैं।

गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा अनुमोदित इस MoU पर NIA की ओर से श्री श्रीजीत टी., SP तथा CISF की ओर से श्री विशाल दुबे, वरिष्ठ कमांडेंट ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर CISF मुख्यालय के ADG श्री विजय प्रकाश एवं NIA के IG श्री संतोष रस्तोगी सहित दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

CISF की जिम्मेदारियों में हो रहे निरंतर विस्तार के साथ, आवासीय सुविधा प्राप्ति कर्मियों के प्रमुख कल्याण बिंदुओं में से एक बन गई है। दिल्ली में MHA-वित्तपोषित विभिन्न संस्थानों में तैनात CISF इकाइयों की संख्या अधिक है, जहाँ आधिकारिक आवास की मांग भी अधिक रहती है। NIA के इन आवासीय क्वार्टरों का आवंटन, दिल्ली NCR में तैनात CISF कर्मियों के लिए आवास संतुष्टि में महत्वपूर्ण वृद्धि करेगा।

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि NIA ने इस परियोजना की 75% आवासीय संरचना CISF को साझा करने पर सहमति दी है, जो अंतर-संगठनात्मक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। CISF कर्मियों को एक सुरक्षित एवं समर्पित परिसर में साथ रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे सामान्य लॉजिस्टिक सहायता, सामुदायिक सुविधाएं और बेहतर सहयोग वातावरण संभव होगा।

इस समझौते के अतिरिक्त, CISF मैदानगढ़ी और साकेत में NBCC एवं CPWD जैसी प्रतिष्ठित सरकारी निर्माण एजेंसियों के माध्यम से नए पारिवारिक आवास का निर्माण भी कर रहा है। देश भर में कार्यालय स्थान विस्तार और नए आवासीय परिसरों सहित कई अन्य अवसंरचनात्मक परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं। इनके पूर्ण होने पर MHA-वित्तपोषित इकाइयों में आवास संतुष्टि अनुपात में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

राष्ट्रीय राजधानी में निःशुल्क आवास सुविधा—जहाँ आवास किराया देश में सर्वाधिक है—CISF कर्मियों के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ ही पारिवारिक सहयोग एवं मनोबल को बढ़ाएगा । सुरक्षित एवं समर्पित आवासीय परिसर में परिवार सहित रहने से सामुदायिक बंधन मजबूत होंगे और बल की समग्र कार्यकुशलता और मनोबल में सकारात्मक योगदान मिलेगा।

SCROLL FOR NEXT