मथुरापुर/कोलकाता : कोल इंडिया लिमिटेड की पहल सीआईएल कप के मथुरापुर फाइनल में कल्पना ट्रस्ट ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम कर दोहरी सफलता हासिल की। पुरुष फाइनल में कल्पना ट्रस्ट ने स्वामी प्रणबानंद स्पोर्ट्स कोचिंग सेंटर को 2-1 से, जबकि महिला फाइनल में 1-0 से पराजित किया। दोनों वर्गों में जीत के साथ कल्पना ट्रस्ट ने जोनल चरण के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
पुरुष वर्ग के मुकाबले में 16 टीमों के बीच हुए स्थानीय चरण के बाद फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कल्पना ट्रस्ट ने 2-1 से मुकाबला अपने पक्ष में किया। शानदार प्रदर्शन के लिए सिबनाथ मैती को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
महिला वर्ग में आठ टीमों ने खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा की। फाइनल में कल्पना ट्रस्ट ने स्वामी प्रणबानंद स्पोर्ट्स कोचिंग सेंटर पर 1-0 से जीत दर्ज की। चांदनी सरदार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
सीआईएल कप के माध्यम से जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को स्थानीय मुकाबलों से आगे जोनल स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल रहा है। मथुरापुर चरण में पुरुष वर्ग की 16 और महिला वर्ग की आठ टीमों की भागीदारी रही। अब कल्पना ट्रस्ट की दोनों टीमें अन्य स्थानों से क्वालीफाई करने वाली टीमों के साथ जोनल चरण में मुकाबला करेंगी।