भवानी भवन से निकलकर सीधे अभिषेक के घर पहुंचे सुमिच
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : करीब 3 महीने से जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर रहे तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय आखिरकार शनिवार को सीआईडी के सामने पेश हुए। जमीन घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के बाद सुमित शनिवार की सुबह करीब 10 बजे भवानी भवन स्थित सीआईडी कार्यालय पहुंचे। जांच अधिकारियों ने उनसे करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। रात 8.15 बजे वह सीआईडी मुख्यालय से बाहर निकले। सीआईडी ने शुक्रवार को सुमित के न्यू अलीपुर स्थित आवास पर जाकर उन्हें नोटिस दी थी। नोटिस में शनिवार की सुबह 10 बजे भवानी भवन में जांच एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था। सुमित ने तय समय के अनुसार सीआईडी कार्यालय पहुंचकर जांच में सहयोग किया। सूत्रों के अनुसार सुमित राय को रविवार को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया। वहीं दूसरी ओर भवानी भवन से निकलने के बाद सुमित राय सीधे अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचे।
क्या है पूरा मामला
सुमित राय के खिलाफ जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का मामला शालबनी थाने में दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस उनकी तलाश करते हुए अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास तक भी पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस ने रात में अभिषेक के घर का ताला तोड़कर सुमित की तलाश में अभियान चलाया था। हालांकि, उस समय सुमित का कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुमित के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कई शिकायतें और मुकदमे दर्ज किए गए। गिरफ्तारी से राहत की मांग को लेकर उन्होंने अदालत का रुख किया था। नौकरी में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत दी थी। हालांकि, जांच में सहयोग करने की शर्त रखी गई थी और अदालत ने उन्हें निर्धारित समय के भीतर जांच एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया था। दूसरी ओर जमीन घोटाला मामले में सुमित की अग्रिम जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। शीर्ष अदालत ने अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। साथ ही उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने जांच एजेंसी को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच सुमित से पूछताछ करने की अनुमति दी थी।
सुप्रीम कोर्ट से मिली इस राहत के बाद सीआईडी ने शुक्रवार को उनके आवास पर नोटिस पहुंचाई थी। इसके बाद शनिवार को सुमित भवानी भवन पहुंचे और जांच अधिकारियों के सवालों का सामना किया। सुमित के खिलाफ अभी दो अन्य मामले भी लंबित हैं। इन मामलों में गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए उन्होंने हाई कोर्ट से संरक्षण की मांग की थी और जल्द सुनवाई का अनुरोध किया था। हालांकि, शुक्रवार को उनकी जल्द सुनवाई की मांग खारिज कर दी गई। अदालत ने कहा कि मामले की सुनवाई सूची के अनुसार ही होगी। इससे पहले विष्णुपुर थाने की पुलिस भी सुमित के आवास पर नोटिस देने पहुंची थी। बाद में शालबनी और विष्णुपुर से जुड़े दोनों मामलों की जांच सीआईडी ने अपने हाथ में ले ली। जांच के सिलसिले में सीआीडी अधिकारी भी कई बार सुमित के घर पहुंचे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। अब अदालत से अलग-अलग मामलों में राहत मिलने के बाद सुमित पहली बार जांच एजेंसी के सामने पेश हुए।