विधायक असित मजुमदार धरने में बैठकर प्रदर्शन करते हुए  
कोलकाता सिटी

चुंचुड़ा इमामबाड़ा जिला अस्पताल: ठेका कर्मियों का धरना खत्म

पांच कर्मियों का निलंबन वापस

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : हुगली के चुंचुड़ा इमामबाड़ा जिला अस्पताल में चल रहे ठेका कर्मियों के धरना प्रदर्शन को शुक्रवार को समाप्त कर दिया गया। धरना उन पांच कर्मियों के कार्य से हटाए जाने के विरोध में शुरू हुआ था, जिन्हें पुलिस वेरिफिकेशन प्रमाण पत्र की अनिवार्यता के कारण काम से रोका गया था। वहीं, 53 अन्य कर्मियों को नोटिस जारी किया गया था। अस्पताल में कई कर्मी पिछले 10 से 20 वर्षों से लगातार सेवा दे रहे हैं और ठेकेदार संस्था बदलने के बावजूद कार्यरत थे। धरने के दौरान चुंचुड़ा के विधायक असित मजुमदार धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मियों के समर्थन में बैठकर स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र भेजा। उन्होंने संबंधित ठेकेदार संस्था को बदलने की भी मांग की। तृणमूल श्रमिक संगठन के अध्यक्ष मनोज चक्रवर्ती ने कहा कि कर्मियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और वे श्रमिकों के हित के लिए लड़ते रहेंगे। अस्पताल के अधीक्षक अमिताभ मंडल और सहायक अधीक्षक मृन्मय चक्रवर्ती ने भी कर्मियों के प्रति सहमति जताई और कहा कि स्वास्थ्य विभाग अब पुलिस वेरिफिकेशन प्रमाण पत्र पर अधिक ध्यान दे रहा है। पांचों कर्मियों का निलंबन वापस लेने की सूचना मिलते ही धरना समाप्त कर दिया गया। आगे की कार्रवाई और चर्चा के लिए पांच तारीख को बैठक बुलाई गई है। इस घटना से अस्पताल कर्मियों के अधिकार और उनके लंबित सेवा मामले की गंभीरता सामने आई है।

SCROLL FOR NEXT