सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता से चीन के लिए हवाई संपर्क एक बार फिर मजबूत होने जा रहा है। चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस करीब 6 साल बाद वापसी कर रही है और 19 अप्रैल की रात (मध्यरात्रि के बाद) कुनमिंग से उसकी फ्लाइट कोलकाता पहुंचेगी। एयरलाइन हफ्ते में छह दिन (बुधवार को छोड़कर) उड़ानें संचालित करेगी। कुनमिंग-कोलकाता फ्लाइट एमयू 555 बोइंग 737 विमान से संचालित होगी, जो सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को रात 12:10 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी फ्लाइट एमयू 556 रात 1:10 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 6:20 बजे कुनमिंग पहुंचेगी। यह कोलकाता से चीन के लिए तीसरी सीधी उड़ान होगी, जो संघाई कॉपरेशन आर्गेनाइजेशन शिखर सम्मेलन के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार का संकेत देती है। इस सम्मेलन में नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे।
29 मार्च से शंघाई के लिए भी दैनिक उड़ान शुरू करने की योजना
फिलहाल इंडिगो कोलकाता से ग्वांगझू के लिए रोजाना उड़ान संचालित कर रही है और 29 मार्च से शंघाई के लिए भी दैनिक उड़ान शुरू करने की योजना है। ट्रैवेल एजेंट्स एसोसियेशन ऑफ इंडिया, ईस्ट के चेयरमेन व एयरकॉम ट्रैवेल्स के डायरेक्टर अंजनी धानुका ने बताया कि चाइना ईस्टर्न की वापसी से व्यापार और पर्यटन को बड़ा फायदा होगा। कुनमिंग के जरिए बीजिंग समेत चीन के अन्य शहरों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही, यह एयरलाइन अमेरिका के वेस्ट कोस्ट, जापान, कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के लिए भी किफायती विकल्प दे सकती है। बताया जा रहा है कि सैन फ्रांसिस्को के लिए रिटर्न टिकट की कीमत लगभग 1 से 1.2 लाख रुपये के बीच हो सकती है, जो इसे यात्रियों के लिए आकर्षक बनाता है, खासकर ऐसे समय में जब खाड़ी क्षेत्र के ऊपर उड़ानें भू-राजनीतिक कारणों से प्रभावित हो रही हैं।
एक नजर इस पर
गौरतलब है कि चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने आखिरी बार 19 मार्च 2020 को कोलकाता से उड़ान भरी थी। इससे पहले 30 अक्टूबर 2007 को कोलकाता-कुनमिंग रूट शुरू किया गया था, जो व्यापारियों के बीच काफी लोकप्रिय था। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सेवा की वापसी से पूर्वी भारत में व्यापार, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। वहीं, कोलकाता एयरपोर्ट अब कैथे पैसिफिक और उसकी सहयोगी कैथे ड्रैगन की वापसी की भी कोशिश कर रहा है, जो पहले कोलकाता-हांगकांग रूट पर उड़ान भरती थीं।