दक्षिण 24 परगना : सुभाषग्राम स्थित भवानीपुर छठ पूजा समिति की ओर से भवानीपुर जगतबंधु आश्रम के तालाब परिसर में छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर छठ व्रतियों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को विधि-विधानपूर्वक पहला अर्घ्य अर्पित किया। छठ पूजा के अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आयोजन में पांच हजार से अधिक लोगों ने शामिल होकर भगवान सूर्य की आराधना की। पर्व को लेकर घाट की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट एवं रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। व्रतियों की सुविधा एवं सेवा में भवानीपुर छठ पूजा समिति के अर्जुन साव, बिनोद दास, अरुण साव, सोनू सिंह, उत्तम साव, महेंद्र साव, अनिल पांडेय, मोहन साव सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस मौके पर उपस्थित सुभाषग्राम मित्र परिषद के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक रमा शंकर प्रसाद ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महान पर्व होने के साथ-साथ प्रकृति की उपासना का भी प्रतीक है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी पुरोहित या ब्राह्मण की अनिवार्यता नहीं होती। सूर्य और जल के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। ठेकुआ एवं मौसमी फलों के प्रसाद के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने आगे कहा कि कुछ विद्वानों का मत है कि छठ पर्व का संबंध बौद्ध धर्म से भी रहा है। यह पर्व सामाजिक समरसता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और लोक आस्था का अनूठा संदेश देता है। यही कारण है कि छठ महापर्व का हमारे जीवन और संस्कृति में अतुलनीय महत्व है।